शहडोल– पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में शहडोल जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोहागपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पठानी बस्ती निवासी एक नाबालिग (बाल अपचारी) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 119 नग नशीले इंजेक्शन और एक मोबाइल फोन जप्त किया है। जप्त की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 13,522 रुपये आंकी गई है।
अलमारी में छिपाकर रखे थे इंजेक्शन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सोहागपुर पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि पठानी बस्ती का एक नाबालिग भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बेचने की फिराक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर संदिग्ध नाबालिग तुरंत घर के अंदर भाग गया। जब पुलिस ने उसे पकड़कर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने कमरे की अलमारी में नशीली दवाएं छिपाने की बात स्वीकार की। तलाशी लेने पर एक सफेद कपड़े के बैग से बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड के 57 इंजेक्शन और फेनिरामाइन मैलिएट (एविल) के 62 इंजेक्शन (कुल 119 नग) बरामद हुए। इसके साथ ही 10,000 रुपये कीमत का एक रियलमी 13 प्रो प्लस 5G मोबाइल फोन भी जप्त किया गया।
एनडीपीएस और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज
सोहागपुर पुलिस ने बरामद सामग्री को विधिवत जप्त कर आरोपी बाल अपचारी के खिलाफ अपराध क्रमांक दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8/21, 29 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) और धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस टीम को मिली सफलता
इस पूरी कार्रवाई को थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण प्रसाद रावत के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। इस महत्वपूर्ण सफलता में उप निरीक्षक आशीष झरिया, उप निरीक्षक रामराज पांडे, उप निरीक्षक नेहा उइके सहित प्रधान आरक्षक मायाराम, आशाराम, संतोष (219), लवकेश शुक्ला (370), प्रशांत सोनी (529), बसंता (521) और महिला आरक्षक सिफा खान (336) की सराहनीय भूमिका रही।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी



