pub-1657030687483830

अनूपपुर में दर्दनाक रेल हादसा: मालगाड़ी से टकराई पिकअप, DJ का सामान खाली कर लौट रहे 1 युवक की मौत, 6 गंभीर रूप से घायल

Posted on

October 23, 2026

by india Khabar 24

शहडोल– अनूपपुर जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण रेल हादसा हो गया, जहां चचाई थाना क्षेत्र के संजय नगर में एक बिना फाटक वाली रेलवे क्रॉसिंग पर मालगाड़ी ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

डीजे का सामान खाली कर लौट रहे थे युवक

मिली जानकारी के अनुसार, चकेठी गांव के रहने वाले 7 युवक पिकअप वाहन में संजय नगर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद डीजे (DJ) का सामान खाली करने गए थे। देर रात जब वे सामान खाली करके वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र (चचाई पावर हाउस) की एक खाली लोको मालगाड़ी ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मालगाड़ी पिकअप को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई।

मृतक और घायलों की पहचान

• मृतक: हादसे में 26 वर्षीय रवि वर्मा (बर्मन) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने जेसीबी (JCB) की मदद से बाहर निकाला।

• घायल: दुर्घटना में अर्जुन कोल (17), विकास सिंह (22), शिवम बैगा (18), कन्हैया बर्मन (25), करन कोल (19) और राजेश सिंह (26) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

अंधेरे और लापरवाही के कारण हुआ हादसा, चालक फरार

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि वहां रेलवे क्रॉसिंग पर कोई फाटक (गेट) नहीं है और भारी अंधेरा रहता है। ट्रेन के चालक ने लाइन पार करते समय कोई हॉर्न भी नहीं बजाया, जिससे यह बड़ी लापरवाही सामने आई है। हादसे के तुरंत बाद मालगाड़ी का चालक इंजन को चालू हालत में ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने की मुआवजे की मांग, मौके पर पहुंचा प्रशासन

हादसे की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पावर प्लांट प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताया। परिजनों ने पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और चचाई पावर हाउस में नौकरी की मांग की है। सूचना मिलते ही एसडीएम और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शहडोल  से सत्येन्द्र  सोनी 

 

Posted on

October 23, 2026

by india Khabar 24

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top