बरगी से आशीष दुबे की रिपोर्ट/ बरगी पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। 28 सितंबर को नगर पुलिस अधीक्षक बरगी संभाग अंजुल अयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारी नीलेश दोहरे सहित पुलिस एवं आबकारी टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रिंग रोड सोनेकेशरिया क्रेशर के पास घेराबंदी की गई। टीम ने मौके से दीपक पटेल (34 वर्ष) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास चार डिब्बों में कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई।
शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल एमपी 20 एमयू 9770 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
1200 लीटर लाहन नष्ट
संयुक्त कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 1200 लीटर लाहन भी नष्ट किया। कार्रवाई में बरगी, तिलवारा, भेड़ाघाट और चरगवां थाना पुलिस सहित आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस ने मामले में बरगी थाना क्षेत्र में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




