शहपुरा भिटौनी। शहपुरा-नरसिंहपुर टोल प्लाजा पर नियमों के विरुद्ध हो रही वसूली को लेकर आज शहपुरा में भारी जनाक्रोश देखने को मिला। राष्ट्रीय राजपूत करनी सेना, क्षत्रिय सभा और सर्व समाज के बैनर तले सैकड़ों स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और टोल प्लाजा के खिलाफ जोरदार हल्ला बोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने “अवैध वसूली बंद करो” और “टोल को शहपुरा से 10 किलोमीटर दूर शिफ्ट करो” के नारे लगाते हुए शहपुरा-भिटौनी-नरसिंहपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
आंदोलनकारियों ने हाईवे पर बैरिकेड लगाकर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों का साफ तौर पर आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर शहर के बिल्कुल नजदीक यह टोल स्थापित किया गया है, जो जनता की जेब पर सीधा डाका है।
हाईवे जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और बैरिकेड्स हटाने के प्रयास शुरू किए। फिलहाल अधिकारियों और सर्व समाज के प्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस के बाद बातचीत का दौर जारी है। पुलिस और प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में लेने और यातायात को दोबारा बहाल कराने की कोशिशों में जुटा है।
Post Views: 498


