शहडोल——मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र से रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी बेटे ने मामूली घरेलू विवाद में अपने ही पिता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दौरान पति को बचाने आई माँ पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
खाना बनाने की बात पर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 50 वर्षीय दऊआ बैगा के रूप में हुई है। दऊआ और उनकी पत्नी यशोदा बाहर मजदूरी करते थे और मंगलवार सुबह ही अपने घर लौटे थे। घर पहुँचने के बाद जब पिता दऊआ ने भोजन करने की इच्छा जताई, तो पत्नी यशोदा खाना बनाने लगीं। इसी बीच उनका बेटा अंजू इस बात पर भड़क गया और खुद खाना बनाकर खिलाने की जिद करने लगा।
पिता पर लाठी से किए ताबड़तोड़ वार
देखते ही देखते यह मामूली बात एक बड़े विवाद में बदल गई। आरोपी अंजू ने पहले अपनी माँ यशोदा के साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी को पिटता देख जब पिता दऊआ बीच-बचाव करने आए, तो आरोपी ने लाठी उठाकर उनके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण दऊआ लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल में पिता ने तोड़ा दम, माँ का इलाज जारी
चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे और लहुलुहान दंपती को तत्काल जयसिंहनगर अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल दऊआ बैगा ने दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी यशोदा का उपचार अभी जारी है।
आरोपी बेटा पुलिस हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची। थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि आरोपी पुत्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जाँच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी





