जबलपुर मध्यप्रदेश

जबलपुर के ग्राम रिमझा में ओम परिसर नाम से विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर
जबलपुर अधारताल तहसील के अंतर्गत ग्राम रिमझा में अवैध तरीके से 25 हजार वर्गफुट पर बनी अवैध कॉलोनी पर प्रशासन ने कार्रवाई की हैं। दरअसल ओम परिसर नाम से अवैध तरीके से ग्राम रिमझा में कॉलोनी को विकसित किया जा रहा था। जिसे आज जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनी में लगभग 5 हजार वर्गफुट पर निर्माणाधीन भवनों को ध्वस्त कर दिया।

अतिरिक्त तहसीलदार अधारताल संदीप जायसवाल के मुताबिक कॉलोनाइजर द्वारा कॉलोनी निर्माण के लिए नगर निगम से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। उन्होंने बताया कि कार्रवाई में ध्वस्त किए गए निर्माण की अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपए है। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार राजेश सिंह, सीएसपी तुषार सिंह, थाना प्रभारी रीना पांडे सहित नगर निगम का अतिक्रमण दल व भवन शाखा के कर्मचारी मौजूद रहे।


