
बैतूल मध्यप्रदेश
, बैतूल। मध्यप्रदेश में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर जारी है। बैतूल जिले में भी लगातार मूसलाधार वर्षा हो रही है। जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। निचली बस्तियों में पानी की निकासी नहीं होने के कारण रहवासियों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह जगह पानी भरा हुआ है। कुछ जगहों पर तो लोग घुटने भर पानी के भीतर जिंदगी बिताने के लिए मजबूर हैं।
लोहिया वार्ड हुआ जलमग्न
बैतूल शहर में सबसे ज्यादा नुकसान लोहिया वार्ड में हुआ है। यहां अवैध निर्माणों की वजह से जल की निकासी नहीं हो रही है। जिसके चलते लोगों के घरों में घुटने तक नाले का गंदा पानी भरा हुआ है। खाने-पीने का सामान, कपड़े बिस्तर सब भींग गए। लोगों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है। गलियां तालाब बन गई है।
अवैध निर्माणों की वजह से निर्मित हुई यह स्थिति
लोगों का कहना है कि इलाके में अवैध निर्माण होने की वजह से पानी की निकासी नहीं हो रही है। इस कारण यह स्थिति निर्मित हुई है। नगर पालिका की अनदेखी और राजस्व विभाग की लापरवाही का खामियाजा रहवासी भुगत रहे है। उन्होंने अवैध निर्माण करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।



