
जबलपुर मध्यप्रदेश
वकीलों के साथ ओमती थाने पहुंचे कांग्रेसियों ने की शिकायत
जबलपुर, कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी गत बहादुर सिंह अन्नू के समर्थन में जारी किया गया कांग्रेस के संकल्प पत्र में छेड़छाड़ करते हुए उसे विवादित तथ्यों के साथ प्रचारित एवं प्रसारित किया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग पुलिस से की गई है। वकीलों के साथ ओमती थाने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में लिखित शिकायत की है।
ओमती पुलिस ने बताया कि नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी जगत बहादुर सिंह अन्नू के चुनाव अभिकर्ता रचित दीक्षित एवं अन्य ने शिकायत दी है कि योगेश अग्रवाल द्वारा कांग्रेस पत्याशी जबगत बहादुर सिंह अन्नू की छवि धूमिल करने के लिए फर्जी संकल्प पत्र बनाकर सोशल मीडिया व अन्य माध्यम से किया गया है। शिकायत में बताया गया है कि कांग्रेस प्रत्याशी जगत बहादुर के पक्ष में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रचार के दौरान एक संपल्प पत्र जारी किया गया है, जिसमें नगर विकास के विभिन्न मुद्दे लिखे गए हैं, लेकिन उक्त संकल्प पत्र में फर्जी तरीके से संशोधन कर विवादित तथ्यों को लिखकर जगत बहादुर सिंह की छिव धूमिल करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से प्रचारित किया जा रहा है। जबकि मूल संकल्प पत्र में वह तथ्य इंगित ही नहीं हैं। योगेश अग्रवाल के कृत्य से जगतबहादुर सिंह की छवि धूमिल हुई है। इसके साथ-साथ सांप्रदायिक सद्भावना भी बिगड़ सकती है। पुलिस ने शिकायत की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर-
नगरीय निकाय चुनाव के दौरान भाजपा-कांग्रेस एवं आप पार्टी के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। भाजपा एवं कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के बीच एक-दूसरे को कमतर दिखाते हुए वोट खींचने का प्रयास किया जा रहा है। कई वार्ड में प्रत्याशियों के समर्थक अपने नेता की बड़ाई और दूसरे प्रत्याशी की बुराई करने में सभी प्रकार की मर्यादायें भूल जाते हैं, इसलिए कभी-कभी विवाद की स्थिति बन जाती है। ओमती पुलिस फिलहाल शिकायत की जांच करते हुए मामला शांत करने का प्रयास कर रही है, जिससे चुनाव की प्रक्रिया प्रभावित न हो सके। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच शुरू कर दी गई है, जांच में जो भी तथ्य पाए जाएंगे, उसके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


