शहडोल—बारिश के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और अब घने कोहरे का सीधा असर रेल यातायात पर दिखने लगा है। शहडोल रेलखंड से गुजरने वाली लंबी दूरी की कई प्रमुख यात्री ट्रेनें पिछले दो दिनों से अपने निर्धारित समय से घंटों पिछड़कर चल रही हैं। रात के समय विजिबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम होने के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है, जिसका खामियाजा कड़ाके की ठंड में सफर कर रहे यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
स्टेशन पर रात भर ठिठुरते रहे मुसाफिर
शहडोल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ और लंबा इंतजार देखने को मिला। खासतौर पर रात और अलसुबह सफर करने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण भारी फजीहत झेलनी पड़ी।
प्रमुख प्रभावित ट्रेनों का पूरा लेखा-जोखा:
• अमरकंटक एक्सप्रेस: बिलासपुर की ओर जाने वाली भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस अपने तय समय से ढाई घंटे की देरी से सुबह 4:00 बजे शहडोल पहुंची। वहीं, वापसी में दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस (12853) भी लेट होकर 12:18 बजे स्टेशन आई।
• बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस (15231): इस ट्रेन का नियमित समय सुबह 5:20 बजे है, लेकिन कोहरे की मार के चलते यह करीब सवा चार घंटे की देरी से सुबह 9:44 बजे पहुंची।
• सारनाथ एक्सप्रेस (15159 / 15160): रात 11:15 बजे आने वाली सारनाथ एक्सप्रेस कई घंटे लेट होकर रात 2:21 बजे पहुंची। दूसरी दिशा की सारनाथ एक्सप्रेस भी रात 2:50 बजे के बजाय सुबह 5:15 बजे स्टेशन आई।
• गरीब रथ एक्सप्रेस (12535): यह ट्रेन अपने तय समय से पिछड़ते हुए रात 2:50 बजे शहडोल पहुंची।
• बेतवा एक्सप्रेस (18204): सुबह 5:20 बजे की जगह यह ट्रेन करीब एक घंटे की देरी से सुबह 6:22 बजे स्टेशन पहुंची।
रेलवे का पक्ष और आगे की आशंका
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रात के समय पटरियों के आसपास घना कोहरा छाने से सिग्नल और ट्रैक की दृश्यता काफी कम हो जाती है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लोको पायलटों को नियंत्रित गति से ट्रेन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग और रेलवे के अनुसार, यदि मौसम का यही मिजाज जारी रहा, तो आने वाले दिनों में भी रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ी रह सकती हैं।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी



