शहडोल—घुनघुटी: पर्यावरण संरक्षण की बड़ी-बड़ी सरकारी योजनाओं के बीच उमरिया जिले के घुनघुटी वन क्षेत्र में पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। ग्राम पंचायत घुनघुटी के अंतर्गत आने वाले ग्राम मिठौरी में ‘बजरंग कोल पावर लिमिटेड’ द्वारा की जा रही कथित पेड़ों की कटाई के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने ‘चिपको आंदोलन’ की तर्ज पर पेड़ों से लिपटकर मोर्चा खोल दिया है
‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसी योजनाओं पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार ‘एक पेड़ मां के नाम’ और न जाने कितनी वृक्षारोपण योजनाएं चलाकर पर्यावरण बचाने का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर वर्षों पुराने प्राकृतिक जंगलों को काटकर उजाड़ा जा रहा है। लोगों का सीधा सवाल है कि जब पुराने और घने पेड़ों को ही नहीं बचाया जा सकेगा, तो नए पौधे लगाने की योजनाओं का क्या औचित्य रह जाएगा? ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा है कि कोयला खदान परियोजना के लिए प्राकृतिक वन क्षेत्र की बलि दी जा रही है।
बेजुबान वन्यजीवों के अस्तित्व पर मंडराया संकट
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह लड़ाई केवल पेड़ों को बचाने की नहीं है, बल्कि जंगल में रहने वाले बेजुबान वन्यजीवों के घर और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने की है। घुनघुटी का यह वन क्षेत्र विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और छत्तीसगढ़ के अचानकमार टाइगर रिजर्व को जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण वन्यजीव कॉरिडोर है। इसी प्राकृतिक मार्ग से बाघ, तेंदुआ और अन्य दुर्लभ वन्यजीव एक जंगल से दूसरे जंगल में विचरण करते हैं। ग्रामीणों को चिंता है कि यदि इसी तरह जंगल कटते रहे, तो वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास छिन जाएगा और वे भोजन-पानी की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर रुख करेंगे, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ेगा।
ग्रामीणों की मुख्य मांगें
विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने अपनी स्पष्ट मांगें रखी हैं:
• तत्काल रोक: गिठौरी और घुनघुटी वन क्षेत्र में चल रही पेड़ों की कटाई को तुरंत बंद किया जाए।
• निष्पक्ष जांच: वन भूमि की कटाई और खदान की अनुमति से जुड़े पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच हो।
शहडोल से सत्येन्द्र सोनी




