जबलपुर/सिवनी टोला (राहुल सेन की रिपोर्ट):
ग्राम सिवनी टोला में अवैध शराब की बिक्री और नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। कुछ समय पूर्व तक इस ग्राम में कमला शिवहरे द्वारा अवैध रूप से देसी-विदेशी मदिरा की दुकान संचालित की जा रही थी, जबकि इस दुकान का वास्तविक आवंटन ग्राम गंगई बरखेड़ा के नाम पर हुआ था। ग्रामीणों के भारी विरोध और प्रदर्शन के बाद, 1 सितंबर को इस दुकान को इसके निर्धारित क्षेत्र ग्राम गंगई में स्थानांतरित कर दिया गया था।
बैनर की आड़ में पुराना खेल जारी
ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान भले ही कागजों में या कुछ दूरी पर शिफ्ट हो गई हो, लेकिन सिवनी टोला के उसी पुराने स्थान से शराब का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। वर्तमान में उस जगह पर एक बैनर टांग दिया गया है, जिस पर लिखा है— “देशी-विदेशी शराब दुकान 3 किलोमीटर आगे है।” आरोप है कि इस बैनर की आड़ में उसी पुरानी दुकान से कमला शिवहरे के एजेंटों द्वारा धड़ल्ले से अवैध शराब बेची जा रही है।
प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
आंखों के सामने चल रहे इस अवैध कारोबार को लेकर स्थानीय निवासियों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर शराब माफिया सक्रिय हैं, लेकिन न तो आबकारी विभाग और न ही स्थानीय पुलिस प्रशासन इस पर कोई ध्यान दे रहा है।
क्षेत्र के नागरिकों ने सवाल उठाया है कि आखिर शासन और प्रशासन इस पूरे मामले पर मौन क्यों है? क्या कारण है कि शिकायतों के बाद भी इस अवैध शराब माफिया के खिलाफ अब तक कोई सख्त दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है? ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने और अवैध ठिकाने को पूरी तरह बंद कराने की मांग की है।
Views: 140



