मण्डला
रिपोर्ट पूजा ज्योतिषी

आजादी का अमृत महोत्सव समापन समारोह अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान का क्रियान्वयन 13 अगस्त से 15 अगस्त 2023 तक सम्पूर्ण जिले में किया जाना है। इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जिसमें आरडी कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, आई.टी.आई. एवं सरदार पटेल कॉलेज के प्राचार्य, मुकेश कुमार पाण्डेय, अरूण कुमार पटेल प्रबंधक क्षेत्रीय परिचालन पोस्ट् ऑफिस, ट्रांसपोर्ट एसोशियन, रोटरी क्लब, व्यापारी संघ, नेहरू युवा केंद्र, भागीरथ विकास परिषद एवं नारी शक्ति एक नई पहल संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में सीईओ जिला पंचायत द्वारा 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी देते हुए सभी से सहभागिता का आव्हान किया। बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। 13 अगस्त 2023 को जिले के ऐतिहासिक एवं पर्यटक स्थल पर हर घर तिरंगा अभियान से संबंधित रैली, मानव श्रंखला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें जनअभियान परिषद, जनसेवा मित्र, आजीविका समूह की महिलाएं एवं अन्य विभाग सहभागिता करेंगे। 14 अगस्त को प्रातः 9:30 से जिला मुख्यालय एवं ब्लॉक मुख्यालय के विभिन्न चौराहों से छात्र, शिक्षक की पैदल एवं सायकिल रैली निकाली जाएगी। साथ ही 12:30 से 2:30 बजे तक विद्यालय में चित्रकला, निबंध, स्लोगन आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। शाम 3 से 4 बजे तक शासकीय अधिकारी, कर्मचारी एवं जनसामान्य के द्वारा वाहन रैली निकाली जाएगी जो कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर नगर के भ्रमण उपरांत संपन्न होगी। जिला एवं विकासखंड स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।



