जिला पंचायत चुनाव में हारी हुई बाजी जीती भाजपा, संतोष बने अध्‍यक्ष

Posted on

July 30, 2022

by india Khabar 24


जबलपुर मध्यप्रदेश

जबलपुर, महपौर चुनाव में कारारी हार के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने बड़ा उलटफेर करते हुए कांग्रेस को पटखनी दे दी। यहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी संतोष बरकड़े ने जीत दर्ज की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के विवेक पटैल ने कब्जा जमाया। इस चुनाव प्रक्रिया के चलते दोपहर बाद तक जिला पंचायत भवन के आस-पास गहमागहमी का माहौल रहा। पार्टी के नेताओं ने इस जीत की तुलना महापौर चुनाव से करते हुए कहा कि अब जाकर संगठन को संतोष मिला है।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर करीब हफ्ते भर से रस्साकशी चल रही थी। कांग्रेस का दावा था कि उसके पास जिला पंचायत के 11 सदस्यों का समर्थन है, जबकि भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या महज छह है। कांग्रेस नेताओं ने करीब 10 सदस्यों को हफ्ते भर से ज्यादा कड़ी निगहबानी में रखा। इसके बाद उनको सीधे जिला पंचायत भवन पहुंचाया गया। कांग्रेस की ओर से रामकुमार सैयाम और भाजपा से संतोष बरकड़े ने अध्यक्ष पद के लिए आवेदन जमा किया, लेकिन जब मतदान हुआ और परिणाम सामने आए तो कांग्रेस नेताओं के हाथ से तोते उड़ गए। भाजपा को आठ मत मिले। शेष बचे नौ मतों में से दो मत पीठासीन अधिकारी द्वारा निरस्त कर दिए गए। इस तरह से कांग्रेस को सात मत ही मिले। बहुमत का दावा करने वाली कांग्रेस के हाथ से जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी फिसल गई।

उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा

इस चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर विवेक पटैल ने जीत दर्ज की। कांग्रेस समर्थित विवेक को नौ और भाजपा समर्थित सत्येंद्र सिंह को आठ मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर विवेक को मिली विजय ने पूरे उलटफेर की कहानी स्पष्ट करके रख दी।

इस वजह से खारिज हुए वोट

बताया जाता है कि दो वोट खारिज होने की वजह यह रही कि इन मतदाता सदस्यों ने मतपत्र पर सील निर्धारित स्थान पर नहीं लगाई थी। इसके अलावा मतपत्र को जिस तरह से फोल्ड करके मतपेटिका में डालने के निर्देश चुनाव आयोग की ओर से दिए गए थे। इन सदस्योंं ने उस तरह से मतपत्रों को फोल्ड करके मतपेटिका में नहीं डाला था

Posted on

July 30, 2022

by india Khabar 24

Leave a Comment