
नरसिंगपुर मध्यप्रदेश
नरसिंहपुर , 11 जुलाई 2022. अधीक्षक भू- अभिलेख श्री विवेक मुले ने जिले के सभी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के हितग्राहियों से आग्रह किया है कि वे अपने बैंक खाते को अपने आधार कार्ड के नम्बर से लिंक करायें। साथ ही निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर- सीएससी अथवा कियोस्क सेंटर जाकर ओटीपी/ बायोमैट्रिक के जरिये ई- केवायसी की प्रक्रिया पूर्ण करायें, जिससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त प्राप्त हो सके।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हितग्राहियों को प्रत्येक चार महिने के अंतराल में तीन बराबर किस्तों में दो- दो हजार रूपये के मान से एक वर्ष में कुल 6 हजार रूपये का लाभ दिया जाता है। इस योजना के जिले के सभी हितग्राहियों की ई- केवायसी की प्रक्रिया पोर्टल पर पूर्ण की जानी है। हितग्राही कृषक की ई- केवायसी नहीं होने एवं उनके बैंक खाते के आधार नम्बर से लिंक नहीं होने पर इस योजना की अगली किस्त प्राप्त नहीं हो सकेगी।


