छिन्दवाड़ा/ 25 फरवरी 2026/ भारत की आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिले के जिला स्तरीय एवं चार्ज अधिकारियों के प्रशिक्षण के उपरांत नगरीय निकायों में जनगणना कार्य सम्पन्न कराने के लिए नगरीय-चार्ज जनगणना अधिकारियों का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण भी बुधवार से प्रारंभ हो गया है। प्रशिक्षण का शुभारंभ कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री हरेंद्र नारायन की उपस्थिति में किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नगर निगम छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में आयोजित किया जा रहा है, जो प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में जबलपुर संभाग के लिए नियुक्त राष्ट्रीय प्रशिक्षक श्री रामावतार पटेल एवं श्री अनुज सोलंकी द्वारा अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री नारायन ने सभी नगरीय चार्ज अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना कार्य को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं पूर्ण जवाबदेही के साथ संपादित करेंगे, जिससे जिले का आंकड़ा पूरी तरह सटीक और त्रुटिरहित संकलित होगा। इसके लिए उन्होंने सभी को अच्छी तरह प्रशिक्षण प्राप्त कर सभी जिज्ञासाओं का समाधान करने पर जोर देते हुए प्रोत्साहित किया।
प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा जनगणना से जुड़ी विभिन्न परिभाषाओं, जनगणना की प्रक्रिया, कानूनी प्रावधानों, डेटा संकलन की पद्धति, डिजिटल उपकरणों के उपयोग, डेटा के सही संधारण तथा मैदानी स्तर पर आने वाली संभावित चुनौतियों के समाधान संबंधी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अधिकारियों को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं पारदर्शी कार्य संपादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने बताया कि जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। जिसमें प्रगणकों द्वारा घर – घर जाकर सभी भवनों, जनगणना मकानों और परिवारों की पहचान कर, उन्हें व्यवस्थित रूप से सूची बद्ध किया जाएगा। निर्धारित 33 प्रश्नों के जवाब के आधार पर आवास की स्थितियों, सुविधाओं और परिसम्पत्तियों से सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारी, जैसे छत की सामग्री, पीने के पानी के स्त्रोत, शौचालय की उपलब्धता, वाहन आदि की जानकारी एकत्र की जाएगी। जनगणना अधिनियम और नियम के तहत दिये गये प्रावधानों के अनुसार मकान का अवलोकन कर जानकारी का सत्यापन किया जा सकेगा। प्रथम चरण से जनगणना के द्वितीय चरण अर्थात् जनसंख्या गणना के लिए मास्टर फ्रेम तैयार किया जाएगा, जिससे कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए।





