भेड़ाघाट में दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव का आयोजन आज से संगमरमरी वादियों में गूंजेंगे भजन. पहले दिन अभिलिप्सा पांडा और दूसरे दिन मैथिली ठाकुर एवं लखवीर सिंह लक्खा द्वारा भजनों की प्रस्तुति होगी मुख्य आकर्षण.

Posted on

October 5, 2025

by india Khabar 24

 

जबलपुर,
संगमरमरी सौंदर्य के लिए मशहूर पर्यटन स्थल भेड़ाघाट में नर्मदा महोत्सव का आयोजन 5 और
6 अक्टूबर को होगा। नर्मदा महोत्सव का यह लगातार 22 वें वर्ष आयोजन होगा। पूर्व के वर्षों की तरह
नर्मदा महोत्सव का इस बार का आयोजन भी धुआंधार जलप्रपात के समीप मुक्ताकाशी मंच पर होगा।
खास शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित किये जा रहे इस दो दिवसीय आयोजन में भजनों की सरिता
बहेगी, वीरांगना रानी दुर्गावती के शौर्य और पराक्रम पर केन्द्रित नृत्‍य नाटिका भी प्रस्‍तुत की जायेगी
एवं स्‍थानीय कलाकारों द्वारा भरतनाटयम और शास्‍त्रीय गायन प्रस्‍तुत किया जायेगा। वहीं,
राजस्‍थानी लोक नृत्‍य कालबेलिया चरी और घूमर का आनंद भी नर्मदा महोत्‍सव में दर्शक ले सकेंगे।
जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा जिला प्रशासन, जिला पंचायत, नगर निगम
जबलपुर, नगर परिषद भेड़ाघाट एवं जबलपुर विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित किये जा रहे
नर्मदा महोत्सव के पहले दिन 5 अक्टूबर की सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण "हर हर शंभु" फेम
पूरी की सुश्री अभिलिप्सा पांडा के भजन होंगे। वहीं, दूसरे दिन 6 अक्टूबर की सांस्कृतिक संध्या में

मधुबनी की सुश्री मैथिली ठाकुर और पँजाब के लखवीर सिंह लक्खा अपनी सुरीली और खनकती आवाज
में भजनों का गायन कर भक्ति रस की सरिता बहायेंगे।

नर्मदा महोत्सव के पहले दिन का आकर्षण :-

नर्मदा महोत्सव के पहले दिन 5 अक्टूबर का आकर्षण प्रख्यात भजन गायिका सुश्री अभिलिप्सा
पांडा द्वारा भजनों की प्रस्तुति होगी । महोत्सव के पहले दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत शाम
7 बजे माँ नर्मदा की पूजा अर्चना से शुरू होगी।
पहले दिन के कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप
सिंह होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक करेंगी। राज्य सभा सदस्य
श्री विवेक कृष्ण तन्खा, विधायक श्री अजय विश्नोई, विधायक श्री नीरज सिंह, विधायक श्री लखन
घनघोरिया, विधायक श्री सुशील तिवारी इंदु, विधायक श्री संतोष वरकड़े एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती
आशा गोंटिया को कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
नर्मदा महोत्सव के पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत शाम 7.30 बजे कटनी के
युवराज सिंह के शास्त्रीय गायन से होगी । शाम 7.45 बजे जबलपुर की सुश्री कामना नायक एवं उनके
समूह के कलाकारों द्वारा भरतनाट्यम एवं रात 8 बजे से राजस्थान के श्री जवाहरनाथ एवं समूह द्वारा
कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति दी जायेगी। पुरी की सुश्री अभिलिप्सा पांडा द्वारा भजनों का गायन रात
8.15 बजे से प्रारंभ होगा।

मैथिली ठाकुर और लखवीर सिंह लक्खा के भजन होंगे दूसरे दिन का आकर्षण :-


नर्मदा महोत्सव के दूसरे और समापन दिवस 6 अक्टूबर को भी शाम 7 बजे नर्मदा पूजन,
अतिथियों के स्वागत व दीप प्रज्जवलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। दूसरे दिन के
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह होंगे।
प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र सिंह
लोधी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद श्री आशीष दुबे, विधायक श्री नीरज सिंह एवं डॉ
अभिलाष पांडे, नगर निगम जबलपुर के महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नु एवं भेडाघाट नगर परिषद के
अध्यक्ष श्री चतुर सिंह विशिष्ट के रूप में मौजूद रहेंगे।
दूसरे दिन की सांस्कृतिक संध्या में शाम 7.30 बजे संस्कार भारती जबलपुर की ओर से कमलेश
यादव एवं उनके समूह द्वारा वीरांगना रानी दुर्गावती पर केंद्रित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जायेगी। शाम
7.45 बजे राजस्थान के जवाहर नाथ ग्रुप द्वारा चरी और घूमर नृत्य की प्रस्तुत किये जायेंगे। रात 8.05
बजे से मधुबनी की सुश्री मैथिली ठाकुर तथा रात 9 बजे से पंजाब के लखवीर सिंह लक्खा द्वारा भजनों
का गायन होगा।

नर्मदा महोत्सव के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन स्थल पर व्यंजन मेला का
आयोजन किया जायेगा तथा हस्तशिल्प सामग्री की प्रदर्शनी लगाई जायेगी।
प्रवेश निःशुल्क रहेगा :-

शरद पूर्णिमा पर भेडाघाट में धुआंधार जलप्रपात के समीप बने मुक्ताकाशी मंच पर दोनों दिन
शाम 7 बजे से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आमजनों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

Posted on

October 5, 2025

by india Khabar 24

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]

रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने 100 रेल कर्मियों और सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रीय रेलों को 26 शील्ड प्रदान की पश्चिम मध्य रेल को मिली ओवरऑल एफिशियंसी शील्ड एवं बिक्री प्रबंधन शील्ड

रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने 100 रेल कर्मियों और सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रीय रेलों को 26 शील्ड प्रदान की पश्चिम मध्य रेल को मिली ओवरऑल एफिशियंसी शील्ड एवं बिक्री प्रबंधन शील्ड

Scroll to Top