बालाघाट/सिवनी,

ग्राम उगली, तहसील केवलारी, जिला सिवनी (मध्य प्रदेश) में रहने वाली श्रीमती निकिता परते और श्रीमती गीता बर्मन अपने परिवार के साथ बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही हैं। दोनों परिवारों को मिलाकर कुल 8 सदस्य हैं, जो आर्थिक तंगी के चलते रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भी असमर्थ हैं।

इनकी हालत की जानकारी किसी सज्जन द्वारा आदर्श दानपात्र सेवा समिति, बालाघाट को दी गई। समिति द्वारा की गई जांच में पाया गया कि दोनों परिवार सचमुच गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं और उनकी स्थिति अत्यंत दयनीय है। समिति को इन परिवारों से ऐसी कई परेशानियों के बारे में जानकारी मिली, जिन्हें सुनकर समिति के सदस्य भी भावुक हो गए।
हालात को देखते हुए आदर्श दानपात्र सेवा समिति, बालाघाट एवं जन सहयोग से दोनों परिवारों को कपड़े, राशन सामग्री और कुछ आर्थिक सहायता प्रदान की गई, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें और इस कठिन समय में उनका हौसला बना रहे।
समिति का कहना है कि दोनों परिवारों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें आगे स्थायी मदद मिल सके। साथ ही, समिति ने इस सहयोग में योगदान देने वाले सभी सदस्यों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया है।
समिति के अध्यक्ष श्री राहुल वैद्य ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भी आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करें और ऐसे पुनीत कार्यों में सहभागी बने।





