ममता गुप्ता जिला छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा / 03 जुलाई 2025/ जिले के हर्रई थाना अंतर्गत ग्राम तुईयापानी में हाल ही में एक युवक से मारपीट के वायरल मामले में छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा वस्तुस्थिति स्पष्ट की गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार, दिनांक 29 जून 2025 को ग्राम तुईयापानी स्थित नेशनल हाईवे पर राजा चौकसे के ढाबा में कार्यरत आफत बट्टी तथा नवीन बट्टी का ढाबा संचालक से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। दोनों युवक काम छोड़कर घर लौट आए। इसी विवाद के चलते उसी रात लगभग 10 बजे आरोपीगण राजा चौकसे, गोलू मालवीय और अंकित कहार (निवासी हर्रई) तुईयापानी में राजकुमार बट्टी के घर पहुंचे और लाठी-डंडों से मारपीट की।
इस प्रकरण में पुलिस द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए 30 जून 2025 को आरोपी राजा चौकसे को गिरफ्तार किया गया एवं धारा 151 के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई। घटना पर फरियादी राजकुमार बट्टी द्वारा थाना हर्रई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिस पर से संबंधित धाराओं सहित एससी-एसटी एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
वायरल वीडियो व मीडिया में बाद में जो अमानवीय कृत्य जैसे पेशाब पिलाने या मुंह पर थूकने की बात सामने आई, वह FIR दर्ज करते समय फरियादी द्वारा नहीं बताई गई थी और ना ही वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई थी। गांव लौटने के बाद अगली सुबह फरियादी द्वारा अन्य लोगों के समक्ष इन बातों का उल्लेख किया गया, जिनके संबंध में कोई प्रमाण अब तक प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। पुलिस द्वारा इस संबंध में फरियादी से आगे भी पूछताछ कर वस्तुस्थिति स्पष्ट की जा रही है।
इस संबंध में अमरवाड़ा एसडीएम से भी प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकुमार बट्टी पिता शोभाराम बट्टी निवासी ग्राम तुईयापानी तहसील हर्रई के साथ दिनांक 29 जून 2025 को रात करीब 10:00 बजे मारपीट की घटना हुई थी। उनके चचेरे भाई आफत बट्टी और भाई नवीन बट्टी राजा चौकसे के ढाबे में काम करते थे। पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद आफत और नवीन ढाबे से काम छोड़कर लौट आए थे। इसके कुछ देर बाद राजा चौकसे, गोलू मालवीय और अंकित कहार उनके घर पहुंचे और कहासुनी के बाद राजकुमार बट्टी के साथ मारपीट की। जब उन्होंने शोर मचाया तो भाई नवीन बट्टी और पत्नी जानकी बट्टी बीच-बचाव के लिए आए, जिनके साथ भी मारपीट की गई। इस घटना की रिपोर्ट राजकुमार बट्टी द्वारा थाना अमरवाड़ा में दर्ज कराई गई थी, जिसमें कहीं भी अमानवीय कृत्य जैसे पेशाब पिलाने या मुंह पर थूकने की कोई बात दर्ज नहीं है। उन्होनें बताया कि राजकुमार बट्टी के साथ किसी भी प्रकार की अमानवीय घटना नहीं हुई है।





