मंडला। भगवान परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर माहिष्मति सर्व ब्राह्मण सभा, जिला मंडला द्वारा आज 29 अप्रैल 2025 को भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
भव्य वाहन रैली में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

आज प्रातः 9 बजे बजरंग चौक, महाराजपुर से भगवान परशुराम जी के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल वाहन रैली का शुभारंभ हुआ। रैली नगर भ्रमण करते हुए परशुराम मंदिर, नावघाट सिंहवाहिनी परिसर में सम्पन्न हुई। रैली में ब्राह्मण समाज के महिला मंडल, युवा वर्ग, समाजसेवी और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पारंपरिक परिधान और उत्साह के साथ भाग लिया।

झांकियों, बैंड-बाजों और धर्मध्वजों से सजी इस रैली में भगवान परशुराम सहित अनेक देवी-देवताओं के स्वरूप आकर्षण का केंद्र बने। आयोजन का उद्देश्य भगवान परशुराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना, युवाओं में धार्मिक चेतना का संचार करना और समाज में एकता व समरसता को बढ़ावा देना रहा।
श्रद्धालुओं के लिए रैली के पूर्व एवं उपरांत स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई थी, जिसमें नगर एवं आस-पास से आए लोगों ने सहभागिता कर पुण्य अर्जित किया।
कल 30 अप्रैल को होगा यज्ञोपवीत संस्कार
कार्यक्रम की दूसरी कड़ी में कल 30 अप्रैल 2025, बुधवार को प्रातः 9 बजे से वटुकों का वैदिक विधि-विधान से यज्ञोपवीत (उपनयन) संस्कार सम्पन्न होगा। ब्राह्मणाचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ संस्कार सम्पन्न कराया जाएगा। संस्कार उपरांत नगर में वटुकों की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो धर्म और संस्कृति के संदेश का प्रचार करेगी।
इसके पश्चात नावघाट स्थित भगवान परशुराम मंदिर में देवदर्शन, पूजन और सांध्य आरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के समापन पर श्रद्धालु भगवान परशुराम जी के चरणों में आस्था व्यक्त कर धार्मिक पुण्य अर्जित करेंगे।
सामूहिक सहयोग से सफल हुआ आयोजन
सभा के पदाधिकारियों ने आज के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन समाज में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और आपसी सहयोग को प्रबल करने का कार्य करता है।





