फरीद खान / शहडोल जिले के देवलौंद क्षेत्र में एक दुखद सड़क हादसे में पांच लोगों की असमय मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब बैगा परिवार की बारात देवलौंद से सीधी लौट रही थीं तभी पिकअप वाहन की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई और अचानक पिकअप वाहन पलट गया। इस हादसे में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रीवा और शहडोल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इस घटना पर ब्यौहारी विधायक शरद जुगलाल कोल ने बातचीत में कहा, जैसे ही मुझे इस दुखदाई घटना की सूचना मिली, मैं तत्काल अस्पताल पहुंचा और मैंने तुरंत प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव से फोन पर चर्चा की। उनके निर्देश पर मृतक के परिवारों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि और घायलों को 25 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक कोल बाणसागर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने कहा, यह एक दुखद घटना है और हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
मृतकों में दूल्हे का पिता भी शामिल हैं।पुलिस ने बताया कि इस घटना में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था,एक बुजुर्ग ने रीवा जाते समय दम तोड़ दिया है। कुल पांच लोगों की इस घटना में मौत हुई है।
लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को दुखी कर दिया है। एक स्थानीय निवासी, रामकृष्ण बैगा ने कहा, यह बहुत दुखद है। बारात का समारोह खुशी का अवसर था, लेकिन अब यह एक त्रासदी में बदल गया है।
हालांकि इस सहायता राशि के बारे में शहडोल जनसंपर्क विभाग ने अज्ञानता व्यक्त की है। हमें इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। हम इसे जल्द ही उच्च अधिकारियों के पास ले जाएंगे।
इस घटना ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर ध्यान केंद्रित किया है। स्थानीय विधायक और मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए तत्परता दिखाई है, लेकिन वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच आवश्यक है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। इस दुःखद घटना के पीछे की वजहों का पता लगाना और सुरक्षा उपायों को सुधारना आवश्यक है, ताकि हमारे सड़कों पर सभी सुरक्षित रह सकें।





