फरीद खान / शहडोल। एक ही फंदे में युवक युवती की फांसी पर लटकती लाश देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, लोगो ने घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है,मामले की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। घटना जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस ने बताया कि जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के टेटका गांव में एक महुआ के पेड़ की डगाली में साड़ी का फंदा बनाकर दोनों ने आत्महत्या कर ली है। दोनो शव एक ही फंदे में लटकता मिला है। घटना एक मवेशी चरा रहे व्यक्ति ने शनिवार की सुबह देखी थी, जिसके बाद उसने गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद लोगों ने मामले की जानकारी जयसिंहनगर पुलिस को दी है। जानकारी लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच जांच में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी एसपी चतुर्वेदी ने बताया कि युवक की पहचान संदीप पिता शंभू सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी बस नगरी के रूप में हुई है। युवती की पहचान करवाई जा रही है, दोनो शवो को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है ,दोनों की उम्र लगभग 20 वर्ष है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम जांच में ऐसा लग रहा है कि यह दोनों प्रेमी युगल हैं। युवती की पहचान होने पर ही चीज स्पष्ट होगी। मृतक युवक के परिजनों को मामले की जानकारी देकर मौके पर बुलवाया गया है।
घटना की जानकारी लगते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए हैं ,तो वहीं मृतक युवक के भी परिजन काफी संख्या में घटना स्थल पहुंचे हैं। पुलिस ने दोनों शवो को पेड़ से नीचे उतरवा लिया है। पुलिस ने बताया है कि युवती की साड़ी से ही दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पेड़ के नीचे दोनों की चप्पल भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस ने मामले पर फिलहाल मर्ग कायम कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।