(त्रिपुरी चौक पर नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की)
जबलपुर गढ़ा थाना क्षेत्र के त्रिपुरी चौक पर नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। यहां बस स्टॉप के सामने ही अतिक्रमणकारियों ने टपरा एवं शेड लगाकर पान की दुकान बना रखी थी।
शराब दुकान के पास स्थित होने के कारण शाम होते ही यह पान की दुकान अवैध अहाते में बदल जाती थी। नशे में धुत लोग राहगीरों से विवाद करते और महिलाओं से छेड़खानी करते थे। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया-
शराब दुकान के आसपास कई अघोषित अहाते खुल गए थे। इन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। इससे आम लोगों को होने वाली परेशानी और सड़कों पर शराब पीने की समस्या से निजात मिलेगी।
नगर निगम के अतिक्रमण दल प्रभारी के अनुसार शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी है। इसी मार्ग पर सड़क किनारे के अन्य अवैध कब्जों को भी चिह्नित किया है। जल्द ही इन्हें हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा। निगम का लक्ष्य शहर को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाना है।





