(जबलपुर ने जिला प्रबंधक की सेवा समाप्ति के आदेश जारी कर दिए)
जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने प्रभारी जिला प्रबंधक की सेवा समाप्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। उनके खिलाफ सरस्वती आजीविका महिला स्वसहायता समूह तिलसानी कुंडम की महिला सदस्यों ने शिकायत की थी। कहा था कि लघु उद्यमिता विकास एवं प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक मप्र राज्य आजीविका मिशन अखिल शुक्ला ने कम कीमत की कोदो-कुटकी कुकीज निर्माण यूनिट की घटिया मशीन प्रदान कराई। इसके बाद दबाव डालकर ज्यादा पेमेंट कराया।
कुकीज मेकिंग यूनिट खरीदी में घोटाला
जिला पंचायत के प्रभारी सीईओ मनोज सिंह ने बताया कि ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक अखिल शुक्ला ने सप्लायर के साथ मिलीभगत की, और जनपद पंचायत कुंडम के ग्राम तिलसानी के सरस्वती आजीविका मिशन को घटिया मशीनें अधिक कीमत पर उपलब्ध कराई।
शिकायत मिलने पर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने जांच के निर्देश दिए थे। जांच में पाया गया कि अखिल शुक्ला ने सप्लायर एसएस बेनीप्रसाद, धरमचंद जैन और ऋत्विक जैन के साथ मिलीभगत कर 2 लाख 53 हजार रुपए की कुकीज मेकिंग यूनिट 10 लाख 06 हजार रुपए में सरस्वती आजीविका मिशन को थमा दी।
जांच में इन मशीनों की गुणवत्ता को भी घटिया पाया गया।
सीईओ जिला पंचायत के अनुसार 2 लाख 12 हजार 400 रुपए का भुगतान भी सप्लायर को करा दिया। जबकि जांच में स्थल पर चाइना मेड मशीन पाई गई और जिसकी कीमत कम थी।





