बिना किसी दबाव के शहर की यातायात और अतिक्रमण की समस्‍या को दूर करें – कलेक्‍टर श्री सक्‍सेना

Posted on

December 1, 2024

by india Khabar 24

जबलपुर कलेक्‍टर श्री दीपक सक्‍सेना और पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्‍याय ने आज सर्किट हाउस में राजस्‍व और पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर शहर की यातायात और अतिक्रमण की समस्‍या को दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम कमिश्‍नर श्रीमती प्रीति यादव भी उपस्थित थी। इस दौरान सभी संबंधित अधिकारियों से कहा गया कि यातायात और अतिक्रमण की समस्‍या को गंभीरता से लें और इस दिशा में प्रभावी कार्यवाही करें। कार्यवाही में पुलिस और नगर निगम के अमला को भी साथ में लें। दुकानों के सामने के अतिक्रमण व पार्किंग को हटायें, चालान काटें, जब्‍ती की कार्यवाही करें, गुरूवार को यातायात और अतिक्रमण की समस्‍या को लेकर एक सूत्री कार्यक्रम करें और शहर को व्‍यवस्थित बनायें। ट्रैफिक समस्‍या को सुधारें, लोगों के सुझाव सुने, किसी के दबाव में न आयें। अपराधिक तत्‍वों की पहचान करें और उनके वसूली के कार्यक्रम को रोकें। शहर की दशा सुधारने के दिशा में दृढ़ता से कार्य करें, साथ ही विनम्र रहें। सबसे पहले कार्यवाही फुहारा व गंजीपुरा में की जाये। इस दौरान कहा गया कि ऑटो, ई-रिक्‍शा के रेट भी तय करें।

कलेक्‍टर व एसपी दल बल के साथ यातायात और अतिक्रमण की समस्‍या को दूर करने किया फ्लेग मार्च

कलेक्टर श्री दीपक सक्सेना और पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्‍याय ने आज दल बल के साथ यातायात और अतिक्रमण की समस्‍या को दूर करने शहर के विभिन्‍न क्षेत्रों में फ्लेग मार्च किया। इस दौरान उन्‍होंने गंजीपुरा, अंधेरदेव, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, कोतवाली एवं गौरीघाट क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने अस्थाई अतिक्रमण एवं पार्किंग व्यवस्था के कारण शहर के नागरिकों को होने वाली समस्याओं का निराकरण शीघ्रातिशीघ्र करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री सक्सेना ने कहा कि अवैध अतिक्रमण एवं पार्किंग व्यवस्था के कारण होने वाली समस्याओं से नागरिकों को निजात दिलाने के लिए योजना बनाकर उसे क्रियान्वित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने कहा कि जिले की अस्थाई अतिक्रमण से लोगों को निजात दिलाने एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री सक्सेना ने श्रीनाथ की तलैया पर स्थित पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया और क्षेत्रीय व्यापारियों से शहर की व्यवस्थाओं के संबंध चर्चा भी की।

Posted on

December 1, 2024

by india Khabar 24

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top