बाल अधिकारों के राष्ट्रीय सम्मलेन में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी आवाज की अन्नपूर्णा

Posted on

November 26, 2024

by india Khabar 24

कटनी / 27 और 28 नवम्बर, 2024 को दिल्ली में आयोजित हो रहे बाल अधिकारों के राष्ट्रीय सम्मेलन में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने कटनी जिले के बडवारा विकासखंड की भजिया पंचायत की किशोरी अन्नपूर्णा राय का चयन हुआ है| वे दिल्ली में आयोजित होने वाले इस सम्मलेन में बच्चों के खिलाफ होने वाली हिंसा और उससे निबटने में युवाओं/किशोरों की भूमिका विषय पर अपनी बात रखेंगी| वे यहाँ पर मध्यप्रदेश में बच्चों की स्थिति, मध्य प्रदेश शासन के प्रयास और इससे जुड़े अन्य विषयों पर अपने विचार रखेंगी| ज्ञात हो कि यह सम्मेलन बच्चों के खिलाफ हिंसा समाप्त करने के लिए राष्ट्रीय कार्रवाई और समन्वय समूह (NACG- EVAC इंडिया) द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो कि दक्षिण एशिया में बच्चों के खिलाफ हिंसा समाप्त करने की पहल (SAIEVAC) का भारत स्तर का नागरिक समाज मंच है। SAIEVAC, दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (SAARC) का एक शीर्ष निकाय है, जिसका राष्ट्रीय तंत्र दक्षिण एशिया के सभी 8 देशों में मौजूद है।

ज्ञात हो कि अन्नपूर्णा, भजिया पंचायत के किसान परिवार की बेटी हैं और वे यहाँ पर बाल अधिकार पर काम करने वाली संस्था आवाज के साथ पिछले दो सालों से जुड़ी हुई हैं| संस्था आवाज द्वारा किशोरियों और बाल समूहों के संदस्यों के साथ लगातार बाल अधिकार आदि पर सत्र किये जाते हैं, उनकी नेतृत्व क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाता है| अन्नपूर्णा ने इन सत्रों में सहभाग कर बाल अधिकार, बाल संरक्षण पर अपनी समझ बढ़ाई| सुश्री राय ने इसके पहले मध्यप्रदेश में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में सैकड़ों बच्चों के बीच में अपनी आवाज बुलंद की थी और उसी के आधार पर उनका चयन हुआ है|

सुश्री राय के चयन पर उनके माता दमयंती राय -पिता जगमोहन राय और परिजनों के साथ-साथ भजिया पंचायत की सरपंच और बाल संरक्षण समिति अध्यक्ष श्रीमति सीता उपाध्याय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अन्नपूर्णा का स्वागत किया| महिला एवं बाल विकास विभाग, कटनी की सहायक संचालक वनश्री कुर्वेती ने भी सुश्री राय को बधाई दी एवं उनका उत्साहवर्धन करते हुए उसे दिल्ली में होने वाले सम्मलेन के लिए शुभकामनायें दीं| आवाज की ओर से कल्पना द्विवेदी उनके साथ दिल्ली की यात्रा पर गई हैं|

यदि अन्नपूर्णा दिल्ली के सम्मेलन में भी बेहतर प्रदर्शन करती हैं तो फिर उनका चयन जेनेवा में होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए किया जायेगा| इस मौके पर अन्नपूर्णा ने कहा कि मैं मध्यप्रदेश के बच्चों की बात रखने के लिए चयनित हुई हूँ तो इस राष्ट्रीय मंच का उपयोग करते हुए मैं पुरजोर तरीके से बच्चों के अधिकारों की बात करुंगी| आवाज संस्था के जिला समन्वयक देवेन्द्र गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि हम भी संकल्पित हैं कि हम किशोरों/युवाओं और बच्चों के अधिकारों पर उन्हें तैयार करते रहेंगे ताकि वे भी अपने हिस्से का आसमान चुनें| उन्होंने व विकासखंड समन्वयक विक्टर जोसेफ ने भी अन्नपूर्णा को बधाई दी

Posted on

November 26, 2024

by india Khabar 24

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]
Scroll to Top